कर्नाटक, बेंगलुरु : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भारी बारिश से लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। आलम यह रहा कि भारी बारिश के चलते केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया। हवाई अड्डे जाने वाली सड़क पर जलभराव के कारण यात्रियों का हवाई अड्डे तक पहुंचना मुश्किल हो गया। यात्रियों को हवाई अड्डे के बाहर ट्रैक्टर पर ले जाते देखा गया।
बारिश के चलते शहर में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। मौसम विभाग की तरफ से आज भी भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। भारी बारिश के बाद बेंगलुरु के कोनप्पना अग्रहारा सीमा में एक घर में पानी भर जाने से शार्ट सर्किट हुआ। इसके चलते एक व्यक्ति की मौत भी हो गई। बेंगलुरु सिटी के वेस्ट डिवीजन के पुलिस उपायुक्त डा.संजीव एम पाटिल ने कहा कि घर में दो लोग थे, दूसरा व्यक्ति बाल-बाल बच गया है।
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शहर के लिए भी आज भारी बारिश के आसार जताए हैं। इसके अलावा मौसम विभाग ने कहा कि झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों से दक्षिण पश्चिम मानसून पूरी तरह वापस हो गया है। इसके अलावा अगले तीन दिनों तक गोवा और कोंकण में भी गरज के साथ बारिश के आसार हैं।