असम, गुवाहाटी: सर्वानंद सोनोवाल को मुख्यमंत्री का पद छोड़े हुए एक महीने का समय गुजर चुका है। उन्हें हटाकर को डॉ. हिमंत विश्व शर्मा को असम का नया मुख्यमंत्री बनाया गया था।
हिमंत 10 मई को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। आज एक महीने बाद भी पूर्व मुख्यमंत्री सोनोवाल सिर्फ विधायक ही बने हुए हैं। उनका पिछला कार्यकाल (2016-2021) पारदर्शी एवं सुशासन वाला रहा है। सोनोवाल को दोबारा मुख्यमंत्री न बनाए जाने पर यह तर्क दिया गया कि उन्हें जल्द ही कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाएगी फिलहाल तो ऐसा कुछ होता नहीं दिख रहा है।
उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने अथवा पार्टी की प्रदेश इकाई की कमान सौंपने की बात कही जा रही थी, लेकिन अभी कोई तस्वीर साफ नहीं है। वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि पार्टी केंद्र और राज्य में निभाए गए उनकी अनुभवों को ध्यान में रखते हुए नई जिम्मेदारी देगी।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि नई जिम्मेदारी की भूमिका के बारे में उनके पास कोई जानकारी नहीं है। कुछ-कुछ इसी तरह का बयान पार्टी के प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने कहा था कि पार्टी हाईकमान जल्दी ही इस पर कोई निर्णय लेगा और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।