असम, गुवाहाटी: असम विधान सभा ने आज राज्य की पहली महिला ओलंपियन लवलीना बरगोहाई को खेलों में उनकी सफलता के लिए बधाई दी। लवलीना ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। विस अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी ने आज सदन में मुक्केबाज का बधाई संदेश पढ़ा।
उन्होंने कहा कि असम की बेटी ने टोक्यो ओलंपिक में अपनी उपलब्धि से राज्य के साथ-साथ पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के गांव में पैदा हुई मुक्केबाज ने कई बाधाओं को पार किया और उनकी सफलता हमेशा असम के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में अंकित रहेगी।
उन्होंने युवा खिलाड़ी को सदन की ओर से उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विमल बोरा ने कहा कि लवलीना 12 अगस्त की सुबह साढ़े नौ बजे बोरझाड़ स्थित लोकप्रिया गोपीनाथ बरदले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगी। उसी दिन राज्य सरकार अपराह्न तीन बजे श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में लवलीना का सम्मान समारोह आयोजित करेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा मौजूद रहेंगे। इस स्वागत समारोह में ओलंपिक पदक विजेता को मानद पुरस्कार और साथ ही सम्मानजनक सरकारी पद की पेशकश भी करेगी। कार्यक्रम में लवलीना के पिता और उनके परिवार के अन्य करीबी लोग भी शामिल होंगे।





