उड़ीसा, कटक : गौतम गंभीर की अगुवाई वाली इंडिया कैपिटल्स टीम गुरुवार को कटक के बाराबती स्टेडियम में लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) के एक बेहद महत्वपूर्ण मैच में हरभजन सिंह की कप्तानी वाली मणिपाल टाइगर्स से से भिड़ेगी। इस मुकाबले में दोनों टीमों का काफी कुछ दांव पर लगा होगा। इंडिया कैपिटल्स के गुजरात जायंट्स और भीलवाड़ा किंग्स के बराबर 5-5 अंक हैं। हालांकि कैपिटल्स ने जायंट्स और किंग्स से कम मैच खेले हैं। इंडिया कैपिटल्स ने चार, जबकि बाकी दोनों ने पांच-पांच मैच खेले हैं।
बेहतर नेट रन रेट के आधार पर इंडिया कैपिटल्स अंक तालिका में शीर्ष पर है। और गुरुवार को एक जीत उसे अपने और बाकी दोनों टीमों के बीच अंकों के अंतर को बढ़ाने में मदद पहुंचाएगी। यह मैच मणिपाल टाइगर्स के लिए भी उतना ही अहम होगा, जितना इंडिया कैपिटल्स के लिए है। वे चार मैचों में तीन अंकों के साथ तालिका में सबसे नीचे हैं लेकिन कैपिटल्स के खिलाफ एक जीत भी उन्हें पांच अंकों तक ले जा सकती है।