एंटीगुआ : अंडर-19 विश्वकप 2022 के पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने अफगानिस्तान को 15 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम पांच फरवरी को इंग्लैंड के साथ फाइनल मैच खेलेगी। पिछले अंडर-19 विश्वकप में इंग्लैंड की टीम नौवें स्थान पर थी और इस बार फाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी है।
इंग्लैंड के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। 1998 में यह टूर्नामेंट जीतने के बाद इंग्लैंड की टीम 24 साल बाद फाइनल में पहुंची है।अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में स्पिनर रेहान अहमद ने अपने अंतिम ओवर में तीन विकेट लिए और अपनी टीम को जीत दिलाई। अफगानिस्तान को जीत के लिए 10 गेंदों में 18 रन की जरूरत थी।
ऐसे में रेहान ने तीन विकेट लेकर अफगानिस्तान की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब अफगानिस्तान की टीम तीसरे स्थान के प्लेऑफ के लिए मैच खेलेगी।





