असम, गुवाहाटी: असम की महिला मुक्केबाज लवलीना बरगोहाई ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली राज्य की पहली महिला मुक्केबाज़ बन गई हैं। लवलीना 2020 टोक्यो ओलंपिक में महिलाओं के 69 किलोग्राम वर्ग के मुकाबले में हिस्सा लेंगी।
साथ ही वह ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली राज्य की पहली महिला हैं। असम के गोलाघाट जिले की रहने वाली लवलीना एक मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं। उनके पिता एक व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माँ एक गृहिणी हैं। उनकी दो बड़ी जुड़वां बहनें भी हैं। उन्होंने बचपन में ही मुक्केबाजी की ओर रुख किया।
वह अपने स्कूल के दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण साई द्वारा आयोजित एक परीक्षण में भाग लिया। जहां उन पर कोच पदुम बोरो की नजर पड़ी। इनके ही निगरानी में उसने 2012 में खेल का अभ्यास शुरू किया था। उन्हें अर्जुन पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने युवा एथलीट को बधाई देते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि यह हमारे लिए बहुत खुशी और गर्व की बात है कि वह ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली असम की पहली महिला मुक्केबाज बनीं। उनको मेरी तरफ से हार्दिक बधाई। इस बड़े पल के लिए उन्हें हमारी शुभकामनाएं। वे यूँ ही चमकते रहें और सफल होते रहें।