नई दिल्ली/मणिपुर: पूर्वोत्तर भारत मणिपुर की रहने वाली अनुभवी भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उनका महिलाओं के 49 किग्रा वर्ग में मुकाबला होगा।
इस बात की आधिकारिक पुष्टि अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) ने की है। भारोत्तोलन में 2017 विश्व चैंपियन चानू ने अप्रैल में ताशकंद में एशियाई चैम्पियनशिप में क्लीन एंव जर्क में विश्व रिकॉर्ड के साथ कांस्य पदक जीतकर टोक्यो में अपना स्थान सुरक्षित किया था। मणिपुर की इस 26 साल की खिलाड़ी ने आईडब्ल्यूएफ की रैंकिंग सूची के 49 किग्रा वर्ग में 4133,6172 अंक के साथ दूसरे स्थान पर काबिज है।
रियो में निराशाजनक प्रदर्शन के पांच साल बाद ओलिंपिक में चानू की यह दूसरी उपस्थिति होगी। रियो ओलिंपिक 2016 में वह क्लीन एंव जर्क में किसी भी भार को उठाने में विफल रही और प्रतियोगिता से बाहर हो गयी थी।
गौरतलब है कि चानू का जन्म 8 अगस्त 1994 को इम्फाल में हुआ। इनकी शिक्षा भी यही से शुरू हुई। मीरा की कोच पूर्व खिलाड़ी कुंजरानी देवी है। खेल के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए अर्जुन पुरस्कार से भी नवाजा गया है।