इंग्लैंड, बर्मिंघम : भारतीय महिला की लॉन बॉल टीम ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में आज फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को हराकर इस खेल का पहला राष्ट्रमंडल स्वर्ण पदक दिलाया। भारत का बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में यह चौथा स्वर्ण और कुल 10वां पदक है। भारत अब तक चार स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य सहित 10 पदक जीत चुका है। लवली चौबे, रूपा रानी टिर्की, पिंकी और नयनमोनी सैकिया की टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 17-10 से मात दी। भारत ने इससे पहले राष्ट्रमंडल खेलों में लॉन बॉल में एक भी पदक नहीं जीता था। तीन राउंड की समाप्ति के बाद दक्षिण अफ्रीका 2-1 से आगे चल रही थी, लेकिन भारत ने चौथे राउंड की समाप्ति पर 2-2 की बराबरी कर ली और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। हर राउंड के साथ भारत अपनी बढ़त में इजाफा करता गया। सात एंड के बाद भारत ने 8-2 की बढ़त बना ली थी।
दक्षिण अफ्रीका ने इसके बाद वापसी करते हुए अगले चार राउंड में आठ पॉइंट लिये और 11वें राउंड में दक्षिण अफ्रीका ने भारत पर 10-8 की बढ़त बना ली। इससे पहले कि मैच हाथ से निकलता, भारतीय महिलाओं ने 12वें, 13वें और 14वें में सात पॉइंट की विशाल छलांग लगाते हुए दक्षिण अफ्रीका को 15-10 से पीछे छोड़ दिया। 15वें और आखिरी में दक्षिण अफ्रीका को जीतने के लिये छह पॉइंट हासिल करने थे, लेकिन ऐसा हो न सका और भारत ने अपने स्कोर में दो पॉइंट और जोड़ते हुए मैच 17-10 पर समाप्त किया।