झारखंड, रांची : झारखंड की राजणानी रांची के जेएससीए ओवल ग्राउंड में विजय हजारे ट्रॉफी में पंजाब ने असम के खिलाफ 10 विकेट से आसान जीत दर्ज की। अब अगले मैच में पंजाब का सामना सर्विसेज के साथ होना है। असम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो गलत साबित हुआ।
असम की पूरी टीम 34.5 ओवर में सिर्फ 125 रन पर सिमट गई। असम के लिए सरूपम पुरकायस्थ ने सर्वाधिक 62 गेंदों में 36 रन बनाए। वहीं शिवशंकर रॉय ने 53 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 28 रन बना कर टीम के स्कोर को 100 रनों के पार पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह ने 30 रन पर सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाए। मयंक मारकंडे ने 27 रनों पर तीन और अभिषेक शर्मा ने 14 रनों पर दो विकेट हासिल किए।
रनों का पीछा करले उतरी पंजाब के दोनों ओपनर बल्लेबाजों ने असम के गेंदबाजों की गेंदों को बाउंड्री तक पहुंचाते हुए अर्धशतक जड़े। पंजाब ने बिना कोई विकेट गंवाए 15.2 ओवर में ही 130 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पंजाब की ओर से प्रभसिमरन सिंह ने 55 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 73 रन बनाए और अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 56 रन बनाए।
इस जीत के साथ पंजाब को 4 अंक मिले। लीग मैच के चौथे दौर में पंजाब का मुकाबला अब 12 दिसंबर को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम काप्लेक्स रांची में सर्विसेज के खिलाफ खेलेगा।






