नई दिल्ली: विश्व चैम्पियन पी वी सिंधू ने तोक्यो ओलंपिक बैडमिंटन महिला एकल वर्ग में इस्राइल की सेनिया पोलिकारपोवा पर सीधे गेमों में आसान जीत दर्ज कर पदक की उम्मीद को बरकरार रखा है।
रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता छठी वरीयता प्राप्त सिंधू ने 58वीं रैंकिंग वाली इस्राइली प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 21 . 7, 21 . 10 से 28 मिनट में यह मुकाबला जीता। दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी सिंधू का सामना अब हांगकांग की चियुंग एंगान यि से होगा जो विश्व रैंकिंग में 34वें स्थान पर हैं।
सिंधू ने आक्रामक शुरूआत की लेकिन एक समय 3 . 4 से पीछे चली गई। उन्होंने हालांकि तुरंत वापसी करते हुए सेनिया को गलती करने पर मजबूर किया और ब्रेक तक 11 . 5 की बढत बना ली। इसके बाद उन्होंने लगातार 13 अंक बनाये। अपने चिर परिचित सीधे और क्रॉसकोर्ट स्मैश का पूरा इस्तेमाल करके उन्होंने सेनिया को दबाव से निकलने का मौका ही नहीं दिया। सेनिया के एक शॉट चूकने के साथ ही सिंधू ने पहला गेम जीत लिया।
गौरतलब है कि कल पुरूष युगल में भारत के सात्विक साइराज रांकिरेड्डी और चिराग शेट्टी ने दुनिया की तीसरे नंबर की जोड़ी चीनी ताइपै के यांग ली और चि लिन वांग काो हराया था। वहीं बी साइ प्रणीत पहला मुकाबला हार गए थे। उधर दूसरी ओर निशानेबाजों का लगातार दूसरे दिन खराब प्रदर्शन जारी है।
जब मनु भाकर और यशस्विनी सिंह देसवाल टोक्यो ओलंपिक में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में जगह नहीं बना सकीं । दोनों का यह पहला ओलंपिक है।





