नई दिल्ली: भारतीय पहलवान रवि कुमार दहिया ने टोक्यो ओलंपिक में पुरुषों के 57 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीता है। उन्हें रूसी पहलवान के खिलाफ फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
रूस के पहलवान जवुर यूगेव ने स्वर्ण पदक के मैच में 7-4 से हराया। रवि ने भारत की झोली में पांचवां पदक डाल दिया है। रवि ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय पहलवान हैं। बता दें कि रवि ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय पहलवान थे। इनसे पहले सुशील कुमार 2012 में फाइनल में पहुंचे थे। लेकिन उन्हें फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने भी रजत पदक जीता था।
गौरतलब है कि कल सेमी फाइनल मुकाबले में दहिया जब कजाखिस्तान के नूरिस्लाम सनायेव के खिलाफ 7-9 से पीछे चल रहे थे, तभी उन्होंने विक्ट्री बाई फॉल के जरिए अपनी जीत सुनिश्चित कर ली। हालांकि इस दौरान कजाखिस्तान का पहलवान रवि दहिया को अपने ऊपर से हटाने के लिए लगातार उनके हाथ को काटता रहा, लेकिन भारतीय खिलाड़ी डटा रहा। इस तस्वीर की सोशल मीडिया पर वायरल होने से खिलाड़ियों में टीम भावना न होने को लेकर जबरदस्त नाराजगी देखी गई।




