असम-नगालैंड सीमा विवाद पर उच्च स्तरीय बैठक

सीमा पर शांति, विकास और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसलों पर बनी सहमति।

असम, गुवाहाटी : असम और नगालैंड के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद के स्थायी समाधान के लिए आज दिसपुर स्थित लोक सेवा भवन में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा और नगालैंड के उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पेटन ने दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न संवेदनशील मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर सरुपथार क्षेत्र के विधायक विश्वजीत फुकन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
​बैठक के दौरान मुख्य रूप से असम-नगालैंड सीमा पर सरुपथार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाकों की अंतरराज्यीय समस्याओं पर चर्चा की गई। विशेष रूप से उरियामघाट में हाल ही में चलाए गए बेदखली अभियान के बाद की परिस्थितियों का जायजा लिया गया और सभी द्विपक्षीय मामलों को आपसी संवाद के जरिए सुलझाने पर सहमति बनी।
​दोनों राज्यों के बीच आवागमन को सुलभ और मजबूत बनाने के उद्देश्य से चुंगाजान से दीमापुर हवाई अड्डे तक एक वैकल्पिक और आधुनिक गुणवत्ता वाले मार्ग का निर्माण दोनों राज्यों के संयुक्त सहयोग से करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही सीमावर्ती निवासियों के बीच आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए उरियामघाट में एक भव्य असम-नगालैंड सांस्कृतिक समारोह.आयोजित किया जाएगा। दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों ने सीमा पर शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने पर बल दिया, जिससे इस क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित होने की नई उम्मीद जगी है।

Exit mobile version