प्यूर्टो रिको, सैन जुआन : प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने 116 देशों की प्रतिभागियों को पछाड़कर ‘मिस यूनिवर्स 2026’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया है। सैन जुआन के जोस मिगुएल एग्रेलॉट कोलिज़ीयम में आयोजित 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के भव्य फिनाले में निवर्तमान विजेता मेक्सिको की फातिमा बॉश ने बैरेटो को ताज पहनाया। इस मुकाबले में वेनेजुएला की क्लारा गोएट्ज़ और डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज भी फाइनलिस्ट रहीं, जबकि भारत की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहीं 19 वर्षीय काज़िया लिज़ मेजो टॉप 12 में जगह नहीं बना सकीं। मिस यूनिवर्स के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर बैरेटो की जीत का ऐलान करते हुए लिखा गया कि ब्रह्मांड अपनी नई रानी, प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो का स्वागत करता है।
काज़िया लिज़ मेजो अगले दौर में न पहुंच पाने के कारण ‘ईवनिंग गाउन’ राउंड से पहले ही प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। इसके बावजूद अंतर्राष्ट्रीय मंच पर उनकी मौजूदगी केरल के लिए ऐतिहासिक रही, क्योंकि वह मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतने वाली राज्य की पहली महिला हैं। मूल रूप से केरल के मावेलिक्कारा की रहने वाली मेजो की परवरिश अबू धाबी में हुई, जहां उन्होंने एमिरेट्स नेशनल स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल और अबू धाबी इंडियन स्कूल से शिक्षा प्राप्त की। फिलहाल वह बेंगलुरु में कानून (लॉ) की पढ़ाई करने के साथ-साथ मॉडलिंग में भी सक्रिय हैं।
इस जीत के साथ जेनिफर बैरेटो मिस यूनिवर्स का ताज पहनने वाली प्यूर्टो रिको की छठी सुंदरी बन गई हैं। उनसे पहले मारिसोल मालारेट (1970), डेबोरा कार्थी-ड्यू (1985), दयानाारा टोरेस (1993), डेनिस क्विनोन्स (2001) और ज़ुलेका रिवेरा (2006) यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि 2001 के बाद पहली बार प्यूर्टो रिको की मेजबानी में किसी स्थानीय प्रतिभागी ने खिताब जीता है। इससे पहले 2001 में बायामन में हुए आयोजन में डेनिस क्विनोन्स विजेता बनी थीं। वहीं, भारत अब तक तीन बार मिस यूनिवर्स का ताज जीत चुका है 1994 में सुष्मिता सेन, 2000 में लारा दत्त और 2021 में हरनाज संधू ने देश का मान बढ़ाया था।






