असम, गुवाहाटी : असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दो और लोगों की जान जाने के साथ ही इस आपदा में मरने वालों की कुल संख्या 100 पहुंच गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में गोलाघाट और कारबी आंगलोंग जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत दर्ज की गई है। वर्तमान में राज्य के 10 जिलों गोलाघाट, शिवसागर, होजाई, दरंग, लखीमपुर, जोरहाट, कारबी आंगलोंग, चराईदेव, नगांव और विश्वनाथ में लगभग 1.37 लाख से अधिक लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं। इनमें गोलाघाट जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां करीब 70 हजार लोग पानी से घिरे हैं, जबकि शिवसागर में 40 हजार और जोरहाट में 16 हजार से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं।
राहत और बचाव कार्यों के तहत प्रशासन ने छह जिलों में 125 राहत शिविर और राहत सामग्री वितरण केंद्र बनाए हैं, जिनमें इस समय 49,061 लोगों ने शरण ले रखी है। बाढ़ पीड़ितों तक सहायता पहुंचाने के लिए पिछले 24 घंटों के दौरान 710.44 क्विंटल चावल, 127.85 क्विंटल दाल, 38.34 क्विंटल नमक और 3,773.7 लीटर सरसों का तेल बांटा गया है।
तबाही का दायरा इतना बड़ा है कि 10 जिलों के 28 राजस्व मंडलों के अंतर्गत आने वाले 456 गांव जलमग्न हो चुके हैं और 11,933.46 हेक्टेयर कृषि भूमि डूब गई है। इसके अलावा 43,331 मवेशी और पोल्ट्री भी इससे प्रभावित हुए हैं। कई इलाकों में सड़कें, पुल, तटबंध और अन्य बुनियादी ढांचे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। नदियां भी उफान पर हैं; गोलाघाट और नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी तथा श्रीभूमि में कुशियारा नदी का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है।
