नई दिल्ली : असम के इतिहास में पहली बार एक असमिया तैराक एल्विस अली हजारिका ने 1,330 किलोमीटर की समुद्री रिले तैराकी सफलतापूर्वक पूरी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। ‘मिशन अपराजय’ के तहत हासिल की गई इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने उन्हें बधाई दी है। सोनोवाल ने इसे साहस और सहनशक्ति का एक और अद्भुत उदाहरण बताते हुए कहा कि एल्विस लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर असम और भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने मां कामाख्या और मां बगलामुखी से एल्विस के उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद की कामना भी की।
मुंबई से शुरू होकर गोवा होते हुए कर्नाटक में समाप्त हुए इस कठिन अभियान में चार तैराकों की टीम ने 15 दिनों में यह दूरी तय की है। सोशल मीडिया पर अपनी इस उपलब्धि को साझा करते हुए एल्विस ने बताया कि इस सफर के दौरान उन्हें गंभीर सी-सिकनेस, लगातार शारीरिक थकान, तेज समुद्री धाराओं, ऊंची लहरों और खराब मौसम का सामना करना पड़ा। इसके अलावा जेलीफिश और बड़े समुद्री जीवों के बीच तैरने, भीषण गर्मी, नींद की भारी कमी, भोजन की कठिनाई और मानसिक दबाव जैसी चुनौतियां भी सामने आईं।
एल्विस ने कहा कि कई बार परिस्थितियां इतनी कठिन हो गई थीं कि आगे बढ़ पाना असंभव सा लग रहा था, लेकिन असम की जनता के प्रेम, आशीर्वाद और समर्थन ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने की ताकत दी। अपनी इस सफलता को असम के लोगों को समर्पित करते हुए उन्होंने इसे दृढ़ संकल्प, साहस और त्याग का प्रतीक बताया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद वे कल दोपहर 2:15 बजे गुवाहाटी हवाई अड्डे पहुंचेंगे, जहां विधायक विजय गुप्ता सहित परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों के रूप में लगभग 50 से 60 लोग उनका भव्य स्वागत करेंगे।
