दिव्यांग बच्ची से दुष्कर्म के दोषी को 30 साल कठोर कारावास

मेघालय की विशेष अदालत का बड़ा फैसला, दिव्यांग बच्ची से दुष्कर्म के दोषी को 30 साल की सजा।

मेघालय, ​नॉन्गस्टोइन : मेघालय के वेस्ट खासी हिल्स जिले की एक विशेष अदालत ने वर्ष 2024 में एक बौद्धिक रूप से दिव्यांग बच्ची का तीन अलग-अलग मौकों पर यौन शोषण करने के दोषी व्यक्ति को 30 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। नॉन्गस्टोइन स्थित विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) की अदालत ने दोषी प्रिश्न प्रोदीप नोंगसाप को बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धारा 5(एल)(एन) और धारा 6 के तहत यह सजा सुनाई। अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोषी पर 30,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है और पीड़िता को 7 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है।

​पूर्वी वेस्ट खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह मामला मैरांग थाने में केस संख्या 04(01)2025 के तहत दर्ज किया गया था। पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर 7 जनवरी 2025 को प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने नवंबर और दिसंबर 2024 के बीच तीन बार बच्ची का यौन उत्पीड़न किया और उसे जान से मारने या गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। इस संवेदनशील मामले की जांच मैरांग थाने की महिला पुलिस उप-निरीक्षक ए. थोंगनी द्वारा की गई थी।

​अदालत के इस फैसले के साथ ही मामले की सुनवाई पूरी हो गई है। जिला पुलिस ने इस सजा का स्वागत करते हुए कहा कि वह त्वरित और प्रभावी जांच तथा मजबूत पैरवी के जरिए महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version