नेपाल, काठमांडू : भारत में चाय के साथ बिस्कुट खाना कई लोगों की दिनचर्या का एक अहम हिस्सा है, लेकिन इस समय लोकप्रिय बिस्कुट ब्रांड प्रियागोल्ड को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। नेपाल सरकार ने देश में प्रियागोल्ड बिस्कुट के आयात, बिक्री और वितरण पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। नेपाल के खाद्य विभाग ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर इस फैसले की घोषणा की है और अधिकारियों ने इन बिस्कुटों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप न पाते हुए इन्हें घटिया स्तर का करार दिया है।
यह फैसला भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा की गई हालिया कार्रवाई के बाद लिया गया है। इस बिस्कुट का निर्माण करने वाली कंपनी सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड पर खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन के आरोप लगे हैं। इस मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह सामने आया है कि बिस्कुट बनाने में कथित तौर पर पशु आहार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के उपयोग से जुड़ी बातें सामने आई हैं। एफएसएसएआई ने जब कंपनी के प्लांट का निरीक्षण किया, तो वहां स्वच्छता और सुरक्षा मानकों में कई गंभीर खामियां पाई गईं, जिसके बाद कंपनी का लाइसेंस निलंबित कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
जनस्वास्थ्य और उपभोक्ता सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नेपाल के खाद्य विभाग ने न सिर्फ नए आयात पर रोक लगाई है, बल्कि बाजार में पहले से मौजूद स्टॉक को भी तुरंत वापस लेने का आदेश दिया है। प्राधिकृत आयातकों और व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे बिस्कुट की सभी खेप बाजार से हटा लें और इसकी बिक्री पूरी तरह बंद कर दें, ताकि नेपाल में इस ब्रांड के उत्पादों का वितरण रोका जा सके।






