असम सरकार दाखिल करेगी हाईकोर्ट में मुख्यमंत्री के खिलाफ अपना जवाब
असम, गुवाहाटी : असम सरकार ने गौहाटी उच्च न्यायालय को सूचित किया है कि वह मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के खिलाफ कथित हेट स्पीच के मामले में दायर जनहित याचिकाओं पर अपना जवाब दाखिल करेगी। मुख्य न्यायाधीश आशुतोष कुमार और न्यायमूर्ति अरुण देव चौधरी की खंडपीठ ने इस मामले की अगली सुनवाई 28 मई के लिए तय की है। अदालत ने राज्य सरकार के आश्वासन को दर्ज करते हुए स्पष्ट किया कि अगली तारीख तक जवाब का हलफनामा सकारात्मक रूप से दाखिल किया जाना चाहिए और इसकी एक प्रति पहले ही याचिकाकर्ताओं के वकीलों को सौंपी जानी चाहिए। इन याचिकाओं पर पहली बार 26 फरवरी को सुनवाई हुई थी, जब अदालत ने मामले में विभाजनकारी प्रवृत्ति को देखते हुए मुख्यमंत्री, केंद्र सरकार, राज्य सरकार और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया था। यह पूरी कानूनी प्रक्रिया राज्य के हालिया विधानसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में चल रही है, जहां 9 अप्रैल को मतदान हुआ था और 4 मई को मतगणना होनी है। इन याचिकाओं को साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता हिरेन गोहाई, पूर्व डीजीपी हरेकृष्ण डेका और वरिष्ठ पत्रकार परेश मालाकार सहित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और माकपा द्वारा दायर किया गया है। माकपा ने अपनी याचिका में भाजपा को भी प्रतिवादी बनाया था, हालांकि अदालत ने फिलहाल पार्टी को नोटिस जारी करने से इनकार कर दिया है। इससे पहले 16 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने मुख्यमंत्री से जुड़े एक कथित वीडियो के मामले में दखल देने से मना करते हुए याचिकाकर्ताओं को गौहाटी उच्च न्यायालय जाने का निर्देश दिया था और मामले की त्वरित सुनवाई की बात कही थी।