असम, गुवाहाटी : असम प्रदेश कांग्रेस ने आगामी दिनों में होने वाले नगांव लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विस चुनावों में मिली करारी हार के बाद पार्टी अब नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पूरी तरह कमर कस चुकी है। इसी सिलसिले में गुवाहाटी स्थित पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई के नेतृत्व में हुई इस बैठक में पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया, जहां मुख्य रूप से नगांव लोकसभा सीट के उपचुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद गोगोई ने कहा कि पार्टी में सुधार करने और जनता के सुझावों को लागू कर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी सभी चुनावों के लिए तैयार है, जिसमें नगांव का उपचुनाव भी शामिल है और उन्हें उम्मीद है कि चुनाव आयोग जल्द ही इसकी तारीखों का ऐलान करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी नेतृत्व ने नगांव और मरिगांव के जमीनी माहौल को अच्छी तरह समझा है। सरकार पर निशाना साधते हुए गोगोई ने कहा कि जब वे जनता के बीच जा रहे हैं, तो लोग कह रहे हैं कि इस सरकार ने पहले ही दिन से जनता को भुला दिया है। असम के लोग देख रहे हैं कि सरकार के भीतर पहले दिन से ही शीतयुद्ध चल रहा है और मंत्री पद न मिलने की वजह से कई नेताओं में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि देश और राज्य में चल रहे आर्थिक संकट के बीच सरकार को बेहतर नीतियां बनानी चाहिए थीं, लेकिन इस सरकार के पास उच्च शिक्षा को लेकर कोई ठोस नीति नहीं है। असम के युवाओं को यहां मौके नहीं मिल रहे हैं, जिसके कारण उन्हें बाहर जाना पड़ रहा है। सरकार को युवा पीढ़ी के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। जनता सब समझ चुकी है कि सरकार बने अभी एक महीना भी नहीं हुआ और राशन की सामग्री मिलनी बंद हो गई है, साथ ही हर तरफ महंगाई बढ़ रही है। गोगोई ने भाजपा पर हमला जारी रखते हुए कहा कि लोग जान चुके हैं कि भाजपा कैसे वैध और अवैध तरीकों से सत्ता हथियाने में माहिर है और वह पूरी तरह अवैध माध्यमों पर निर्भर है। सरकार के पास देश, शासन, शिक्षा, अर्थव्यवस्था और रोजगार को लेकर न तो कोई ज्ञान है और न ही कोई सोच। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि जैसे भाजपा सीटें जीतने का दावा करती है, वैसे ही अब यह बताए कि रसोई गैस और बिजली के दाम कितने बढ़ेंगे और कितने लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने आत्ममंथन करते हुए कहा कि जनता अब कांग्रेस से कुछ नया चाहती है और पार्टी लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेगी। जनता कांग्रेस से जुड़ना चाहती है और इसके लिए संगठन के साथ-साथ उन्हें खुद में भी कुछ बदलाव लाने होंगे, जो काम में दिखने चाहिए।
फिलीपींस में भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी
फिलीपींस, मनीला : फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से मिंडानाओ में आज सुबह तेज भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में...
Read more






