मणिपुर, इम्फाल : मणिपुर पुलिस ने टेलीग्राम चैनलों के जरिए महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरों और वीडियो को वायरल करने तथा उनसे पैसे कमाने के आरोप में एक नाबालिग (कानून के उल्लंघन में शामिल बच्चा) समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। टेलीग्राम पर साझा की जा रही इस सामग्री में बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसएएम) भी शामिल थी।
पुलिस को विभिन्न टेलीग्राम चैनलों के प्रशासकों और उपयोगकर्ताओं द्वारा इस प्रकार की अश्लील सामग्री के प्रसार, व्यापार और मुद्रीकरण के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद मोईरंग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया और ऑपरेशन डिग्निटी नाम से एक विशेष जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 14 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस पूरे नेटवर्क की व्यापकता का पता लगाने और इन सामग्रियों को बनाने, साझा करने व बेचने में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए इन डिजिटल उपकरणों की वैज्ञानिक जांच की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य संभावित पीड़ित महिलाओं की भी जांच कर रही है।
मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी बिष्णुपुर, इंफाल वेस्ट, काकचिंग और थोबल जिलों के रहने वाले हैं। पकड़े गए व्यक्तियों में एन. राजेश सिंह उर्फ मैपाकचाओ (21), एच. धनजीत सिंह उर्फ टायसन (19), एस. सफाबा सिंह (19), थ. कैवेंडिश सिंह उर्फ इंगोचा (21), एच. रोजित सिंह (19), एम. क्लिंटन सिंह (28), ख. बिपिन सिंह (31), एस. सिम्पसन सिंह (34), ए. एरिया सिंह (24), एस. अलेक्जेंडर सिंह (31), के. राकेश सिंह (18), च. रॉबर्ट सिंह (27) और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस की जांच फिलहाल जारी है, जिसमें पूरे नेटवर्क, पैसों के लेनदेन और अन्य पीड़ितों की पहचान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।






