असम, गुवाहाटी : असम क्रिकेट संघ (एसीए) स्टेडियम में कल आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमें आमने-सामने होंगी। मौजूदा सीजन में राजस्थान की टीम का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है और वे अपने शुरुआती तीनों मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज हैं। राजस्थान ने अब तक चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस जैसी मजबूत टीमों को धूल चटाई है। दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम भी लय में नजर आ रही है और पिछले दो मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर यहां पहुंची है। दोनों ही टीमों की बल्लेबाजी काफी आक्रामक है, लेकिन गेंदबाजी के मोर्चे पर रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। मुकाबले की शुरुआत में दोनों टीमों के पास विश्व स्तरीय तेज गेंदबाज होंगे। बेंगलुरु के लिए जैकब डफी और भुवनेश्वर कुमार नई गेंद से आक्रमण करेंगे, जबकि राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर मोर्चा संभालेंगे। बेंगलुरु के गेंदबाजों के सामने सबसे बड़ी चुनौती राजस्थान की सलामी जोड़ी यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी को जल्द आउट करने की होगी, क्योंकि इस बाएं हाथ की जोड़ी ने अब तक टूर्नामेंट में विपक्षी टीमों के छक्के छुड़ाए हैं। वहीं गत विजेता राजस्थान रॉयल्स की टीम विराट कोहली और फिल साल्ट को बड़ी पारी खेलने से रोकना चाहेगी, ताकि टिम डेविड जैसे विस्फोटक बल्लेबाज को आखिरी ओवरों में खुलकर खेलने का मौका न मिले। गुवाहाटी का मैदान अब तक हाई-स्कोरिंग मैचों का गवाह रहा है और पिछले दो मुकाबलों में यहां जमकर रन बरसे हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि कल होने वाले इस मैच में भी चौकों-छक्कों की बारिश होगी और दर्शकों को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। मालूम हो कि विराट कोहली के पहले आईपीएल मैच को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस मुकाबले ने पूरे असम में हलचल मचा दी है। खेल प्रेमियों के लिए दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट सितारों में से एक को अपनी आंखों के सामने खेलते देखना एक बड़ा मौका है। कल होने वाले इस मैच की चमक तब और बढ़ गई जब यह खबर आई कि बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी अपने पति विराट कोहली का समर्थन करने के लिए स्टेडियम में मौजूद रह सकती हैं। उनके आने की संभावना ने इस मैच को न केवल एक खेल आयोजन बल्कि एक हाई-प्रोफाइल इवेंट बना दिया है। कोहली की लोकप्रियता के कारण टिकटों की मांग इतनी बढ़ गई है कि अब केवल कुछ ही सीटें बची हैं। अधिकारियों के अनुसार असम के विभिन्न हिस्सों और पड़ोसी राज्यों से भी लोग मैच देखने के लिए गुवाहाटी पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे महानगर में क्रिकेट का खुमार छाया हुआ है। दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के कड़े इंतजाम किए हैं। महानगर के होटलों और परिवहन सेवाओं में भी पर्यटकों की आमद से काफी बढ़ोतरी देखी जा रही है। जहां राजस्थान रॉयल्स अपने घरेलू मैदान का फायदा उठाना चाहेगी, वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु भी इस मुकाबले में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने के इरादे से उतरेगी। मैदान के अंदर और बाहर मौजूद सितारों की चमक के बीच गुवाहाटी एक यादगार क्रिकेट रात की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।
सोनोवाल ने की कोरिया व साइप्रस के साथ साझेदारी पर चर्चा
दक्षिण कोरिया, बुसान : दक्षिण कोरिया के बुसान में केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल की अध्यक्षता...
Read more






