नई दिल्ली : देश में आम जनता पर महंगाई की मार एक बार फिर बढ़ गई है। तेल कंपनियों ने आज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि मात्र एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी बार है, जब ईंधन के दामों में इस तरह का बड़ा इजाफा किया गया है।इस नई बढ़ोतरी से ठीक तीन दिन पहले शुक्रवार को ही सरकार ने देशभर में पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी की थी। उस वृद्धि के बाद दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये हो गया था। अब मंगलवार को फिर से दाम बढ़ने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे और महंगा होकर 98.64 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, डीजल 91 पैसे महंगा होकर 91.58 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।राजधानी दिल्ली के अलावा देश के अन्य प्रमुख महानगरों में भी ईंधन के दामों में तेज उछाल देखा गया है। मायानगरी मुंबई में पेट्रोल की कीमत में 91 पैसे की बढ़ोतरी हुई है, जिससे यह 107.59 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है, जबकि डीजल 94 पैसे महंगा होकर 94.08 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल के दाम सबसे ज्यादा 96 पैसे बढ़े हैं और वहां यह 109.70 रुपये प्रति लीटर हो गया है, वहीं डीजल 94 पैसे बढ़कर 96.07 रुपये प्रति लीटर पर आ गया है। चेन्नई की बात करें तो यहाँ पेट्रोल 82 पैसे महंगा होकर 104.49 रुपये और डीजल 86 पैसे बढ़कर 96.11 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।गौरतलब है कि जब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी, तब सरकारी तेल कंपनियों को कुछ हद तक राहत मिली थी। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, उस बढ़ोतरी के बाद कंपनियों का दैनिक घाटा करीब 25 प्रतिशत कम होकर 750 करोड़ रुपये रह गया था, जो पहले लगभग 1,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा के मुताबिक, फिलहाल तेल कंपनियों के घाटे की भरपाई के लिए किसी राहत पैकेज या सब्सिडी पर विचार नहीं किया जा रहा है। ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया था, इसके बावजूद सरकारी कंपनियां 15 मई तक पेट्रोल और डीजल को पुराने दामों पर ही बेचती रही थीं, जिससे उन पर वित्तीय दबाव बढ़ा है।
शेयर बाजार में हरियाली
नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन हरियाली दिख रही है। प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स...
Read more






