मिजोरम, आइजोल : मिजोरम सरकार ने क्रिसमस और नए साल के त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य पुलिस और अन्य विभाग कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नशीले पदार्थों और शराब से जुड़ी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। आइजोल में गृह मंत्री के सापडांगा की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई, जिसमें पुलिस, आबकारी और नारकोटिक्स विभाग, जिला प्रशासन, आइजोल नगर निगम (एएमसी) और सेंट्रल यंग मिज़ो एसोसिएशन (साइमा) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
गृह मंत्री ने शांतिपूर्ण उत्सव सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस, आबकारी अधिकारियों, साइमा और नागरिक प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से त्योहारों के दौरान सुरक्षित माहौल बना रहेगा। आबकारी और नारकोटिक्स मंत्री लालहिंगलोवा हमार ने बताया कि राज्य में नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए गए अभियानों के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। उन्होंने ऑपरेशन ट्राइडेंट के तहत तस्करों की गिरफ्तारी का स्वागत किया और विभाग की उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) एच रामथेंग्लियाना ने घोषणा की कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा मजबूत करने के लिए पुलिस ऑपरेशन पीस क्रिसमस एंड न्यू ईयर शुरू करेगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों की तैनाती की योजना साझा की और नशीली दवाओं के खिलाफ जारी ऑपरेशन जेरिको-2 की जानकारी भी दी। इसके अलावा आइजोल के पुलिस अधीक्षक ज़ोसांगलियाना ने बताया कि शहर में सुरक्षा और पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए इसे चार जोन और 18 सेक्टरों में बांटा गया है।
दूसरी ओर आबकारी और नारकोटिक्स आयुक्त ज़ेड लालहमांगैहा ने बताया कि पर्याप्त बल उपलब्ध रखने के लिए त्योहारों के दौरान कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द रहेंगी। इसके तहत सेवारत कर्मियों और प्रशिक्षुओं दोनों को प्रवर्तन ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा। बैठक में आइजोल के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में चौबीसों घंटे निगरानी बढ़ाने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही आगामी ‘विंटर फेस्टिवल’ के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।





