नई दिल्ली : जुबिन गर्ग मृत्यु मामले में जमानत से जुड़ी याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट अब 30 नवंबर को सुनवाई करेगा, क्योंकि आज होने वाली सुनवाई टल गई है। यह मामला श्यामकानू महंत और सिद्धार्थ शर्मा की जमानत अर्जियों से संबंधित है। इसके अलावा अमृतप्रभा महंत और संदीपन गर्ग से जुड़े जमानत मामलों पर भी उसी दिन सुनवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि अमृतप्रभा महंत और संदीपन गर्ग को गौहाटी उच्च न्यायालय से पहले ही जमानत मिल चुकी है, लेकिन असम सरकार ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। विशेष पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) और विशेष जांच दल (एसआईटी) प्रमुख मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने 18 अक्तूबर को उच्च न्यायालय के जमानत आदेशों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने के फैसले की पुष्टि की थी।
दिवंगत गायक के चचेरे भाई और असम पुलिस के निलंबित पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संदीपन गर्ग को इस मामले के संबंध में एसआईटी ने गिरफ्तार किया था। वहीं, नॉर्थईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानू महंत और सिद्धार्थ शर्मा भी इस मामले में आरोपी हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले असम सरकार को श्यामकानू महंत के खिलाफ निष्पक्ष और त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।
फिलहाल इस मामले का ट्रायल फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चल रहा है। गुप्ता ने बताया था कि इस मामले में अब तक 134 गवाहों से पूछताछ की जा चुकी है। 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में नॉर्थईस्ट इंडिया फेस्टिवल के दौरान समुद्र में तैराकी के दौरान जुबिन गर्ग का निधन हो गया था, जिसके बाद असम में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए और मामले की गहन जांच की मांग उठी। इसके बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था।




