मध्य प्रदेश, इंदौर : राज्य के इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों द्वारा एमबीए की एक छात्रा को निशाना बनाकर उसके खाते से करीब 1.45 लाख रुपए उड़ाने का मामला सामने आया है। पीड़िता नेहा राजपूत, जो मूल रूप से खंडवा की रहने वाली है और इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रही है, के मोबाइल को हैक कर इस वारदात को अंजाम दिया गया। हीरानगर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात जालसाजों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 5 और 6 जून के मध्य की रात को हुई। नेहा ने बताया कि 5 जून की रात को उन्होंने अपने मोबाइल पेमेंट वॉलेट से बैंक बैलेंस चेक किया था, तब राशि सुरक्षित थी। अगले दिन जब उनकी मां ने फोन रिचार्ज करने को कहा, तो तकनीकी खराबी के कारण रिचार्ज नहीं हो सका। संदेह होने पर जब नेहा ने दोबारा अपना बैंक बैलेंस चेक किया, तो उनके होश उड़ गए; खाते में महज चार रुपए शेष बचे थे।बैंक से संपर्क कर स्टेटमेंट निकालने पर पता चला कि साइबर अपराधियों ने बेहद कम समय में तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन (99,000 रुपये, 46,000 रुपये और 99 रुपये) के जरिए कुल 1 लाख 45 हजार रुपए पार कर दिए थे। पीड़िता ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात फर्जी लिंक या मालवेयर के जरिए अपराधियों ने उनके मोबाइल का पूरा एक्सेस हासिल कर लिया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे साइबर सेल को सौंप दिया है, जो बैंक खातों की डिटेल और आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपियों को ट्रेस करने में जुटी है।
गौरव गोगोई ने लगाया हिमंत सरकार पर मीडिया को नियंत्रित करने का आरोप
असम, गुवाहाटी : असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसने...
Read more






