मणिपुर, उखरुल : मणिपुर के उखरुल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-202 पर नाकेबंदी के दौरान लोगों के एक समूह द्वारा कथित तौर पर 35 डाक बैगों में आग लगा दी गई। अधिकारियों के अनुसार न बैगों में पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, पत्र और अन्य महत्वपूर्ण सामग्रियां थीं।
उखरुल उप-डाकघर के पोस्टमास्टर वुंगरेपम रिमई ने बताया कि यह घटना यिंगांगपोकपी-लिटन रोड पर हुई। नष्ट की गई खेप में उखरुल के लिए 30, सोमदाल के लिए चार और कामजोंग के लिए एक डाक बैग शामिल था। डाक विभाग फिलहाल नुकसान की सीमा का आकलन कर रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में डाक सेवाएं बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।
यह घटना तब हुई जब राष्ट्रीय राजमार्ग-202 पर नाकेबंदी लागू कर रही भीड़ ने शांगकाई कुकी गांव के पास ट्रकों के एक काफिले को रोक लिया और इंफाल से उखरुल जिला मुख्यालय ले जाए जा रहे सामान को नुकसान पहुंचाया और उसमें आग लगा दी। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-202 नागालैंड के मोकोकचुंग को मणिपुर के इंफाल से जोड़ने वाला एक प्रमुख सड़क संपर्क मार्ग है।






