नई दिल्ली : फिनलैंड के तमपेरे में आयोजित प्रतिष्ठित 46वें अंतर्राष्ट्रीय टामर बॉक्सिंग टूर्नामेंट में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण, दो रजत और आठ कांस्य सहित कुल 14 पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
भारत की ओर से आरती धारियाल (महिला 54 किग्रा), अंकुशिता बोरो (महिला 65 किग्रा), अरुंधति चौधरी (महिला 70 किग्रा) और पवन बर्तवाल (पुरुष 55 किग्रा) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं हुसाम मोहम्मद (पुरुष 60 किग्रा) और जैस्मिन (महिला 57 किग्रा) ने रजत पदक जीता। तमपेरे बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा 1977 से हर साल आयोजित किया जाने वाला यह टूर्नामेंट अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाजी कैलेंडर का एक प्रमुख आयोजन है।
मुकाबलों में आरती धारियाल ने स्कॉटलैंड की करनाचन स्टीफन को 5-0 से और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता अरुंधति चौधरी ने आयरलैंड की इगारो एवलिन इवी को 3-2 से हराया। इसके बाद अंकुशिता बोरो ने इंग्लैंड की थॉम्पस्टोन एला को 4-1 से और पवन बर्तवाल ने आयरलैंड के लुईस रूनी को 5-0 से हराकर देश के लिए स्वर्ण पदक जीते।
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट भारत की बेंच स्ट्रेंथ को परखने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय अनुभव दिलाने का एक महत्वपूर्ण अवसर था। उन्होंने कहा कि यह परिणाम विभिन्न भार वर्गों में भारत की बढ़ती गहराई को दर्शाता है और आगामी लॉस एंजिल्स ओलंपिक क्वालीफाइंग आयोजनों की तैयारियों के लिए आत्मविश्वास देता है।
टूर्नामेंट में विवेक मीणा, हितेश, अक्षय, बोबिन चौहान, चेतन चौधरी, तनु, दिशा पाटिल और इमरोज खान ने भारत के लिए कांस्य पदक हासिल किए।






