असम, गुवाहाटी : असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने राज्य के सभी मंत्रियों को निर्देश दिया है कि वे जब भी किसी निर्वाचन क्षेत्र के दौरे पर जाएं, तो इसकी पूर्व सूचना वहां के स्थानीय विधायकों को जरूर दें। मुख्यमंत्री ने सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर देते हुए यह कदम उठाया है।
सभी मंत्रियों को भेजे गए एक आधिकारिक पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में ऐसे मामले सामने आए हैं जहां मंत्रियों ने संबंधित क्षेत्र के विधायकों को जानकारी दिए बिना या उन्हें शामिल किए बिना ही दौरे किए। पत्र के जरिए मंत्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने दौरों के बारे में स्थानीय विधायकों को समय रहते सूचित करें और अपने क्षेत्रों में आयोजित होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों और आधिकारिक समारोहों में उन्हें शामिल होने के लिए आमंत्रित करें।
इसमें यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी विभागीय बैठक या आधिकारिक समीक्षा सत्र में विधायकों की उपस्थिति आवश्यक न भी हो, तब भी उन्हें ऐसे कार्यक्रमों की पूर्व सूचना शिष्टाचार के नाते दी जानी चाहिए। मुख्यमंत्री का मानना है कि इस व्यवस्था से सरकार और चुने हुए प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और आधिकारिक कार्यक्रमों का संचालन सुचारू रूप से हो सकेगा।






