अरुणाचल प्रदेश, तवांग : नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय से भगवान बुद्ध (शाक्यमुनि) के पवित्र अवशेष अरुणाचल प्रदेश के तवांग पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस खबर को साझा करते हुए इसे राज्य के लिए बेहद सम्मान की बात बताया और इन अवशेषों के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला।
ये पवित्र अवशेष उत्तर प्रदेश के वर्तमान सिद्धार्थनगर जिले में स्थित प्राचीन पिपरहवा स्तूप से प्राप्त हुए थे। पिपरहवा स्तूप को प्राचीन कपिलवस्तु से जोड़ा जाता है, जो शाक्य वंश की जन्मभूमि थी, जिससे भगवान बुद्ध का संबंध था।
मुख्यमंत्री खांडू ने पवित्र अवशेषों के तवांग आगमन को एक ऐतिहासिक अवसर करार दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से लोगों के भीतर भगवान बुद्ध की शिक्षाओं, विशेष रूप से करुणा, शांति, ज्ञान और सार्वभौमिक भाईचारे के प्रति प्रतिबद्धता और अधिक गहरी होगी।






