नई दिल्ली : असम की एक महिला के साथ राजस्थान में कथित तौर पर शारीरिक हमले और नस्लीय भेदभाव की घटना सामने आई है, जिसकी कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने राजस्थान सरकार से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करने का आग्रह किया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए गौरव गोगोई ने पीड़ित महिला की पहचान रश्मि शिखा शर्मा के रूप में की। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला के साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि उसकी पूर्वोत्तर की पहचान को लेकर उस पर नस्लवादी और भेदभावपूर्ण टिप्पणियाँ भी की गईं। इस घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए गोगोई ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में पूर्वोत्तर के लोगों को आज भी अपने चेहरे के नैन-नक्श और खान-पान की आदतों के कारण भेदभाव का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने भाजपा शासित राजस्थान सरकार और वहाँ के राज्य प्रशासन से मांग की कि वे इस मामले की पूरी जांच करें और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करें। गोगोई का यह बयान देश के अलग-अलग राज्यों, जैसे उत्तराखंड और दिल्ली में पूर्वोत्तर के लोगों के साथ होने वाली नस्लीय टिप्पणी और हिंसा की बढ़ती घटनाओं पर जताई जा रही चिंताओं के बीच आया है।





