मेघालय, शिलांग : मेघालय की राजधानी शिलांग में आज मौसम का एक मिजाज देखने को मिला, जब गरज के साथ हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि ने शहर के कई हिस्सों को बर्फ की सफेद चादर से ढक दिया।
सुबह लगभग 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच हुई इस तेज ओलावृष्टि से सड़कें, पैदल मार्ग, खुले मैदान और गाड़ियों की छतें सफेद ओलों से पूरी तरह पट गईं। इससे शहर का नज़ारा कुछ समय के लिए कश्मीर की बर्फबारी जैसा प्रतीत होने लगा। सुबह से ही शहर के ऊपर घने काले बादल छाए हुए थे, जिसके बाद मूसलाधार बारिश और फिर कई इलाकों में भीषण ओलावृष्टि शुरू हो गई। मौसम के इस अनूठे बदलाव ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को हैरान कर दिया और लोग अपने मोबाइल फोन में इस खूबसूरत दृश्य को कैद करते नजर आए।
लगभग एक घंटे तक चली बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे पूरे माहौल में ठिठुरन और ठंड बढ़ गई। अपनी हरी-भरी पहाड़ियों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध शिलांग का यह रूप हर किसी के लिए एक यादगार और अद्भुत अनुभव बन गया।






