असम, गुवाहाटी : असम प्रीमियर लीग (एपीएल) के पहले सीजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, जहां आठ टीमें 1 अगस्त से 23 अगस्त तक चलने वाले 23 दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में पहली बार चैंपियन बनने की होड़ में उतरेंगी। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच 1 अगस्त को दोपहर 2 बजे चराईदेव सनराइजर्स और बरपेटा ब्रेव्स के बीच खेला जाएगा, जबकि उसी दिन शाम 7 बजे तेजपुर टाइटंस का सामना डिब्रूगढ़ वारियर्स से होगा। इस सीजन में कुल 43 मैच खेले जाएंगे, जिनमें 40 लीग मुकाबले, दो सेमीफाइनल और ग्रैंड फाइनल शामिल हैं। लीग चरण में प्रत्येक टीम एक-दूसरे से एक-एक बार भिड़ेगी, साथ ही तीन टीमों के साथ फिर से मुकाबला करेगी, जिससे शीर्ष चार की होड़ और अधिक रोमांचक हो जाएगी।
2 अगस्त को बराक लीजेंड्स की भिड़ंत नगांव रेंजर्स से होगी, वहीं शाम को गुवाहाटी रॉयल्स और जोरहाट स्टालियंस आमने-सामने होंगे। टूर्नामेंट के दौरान कई टीमों के बीच दोबारा मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिससे नई खेल प्रतिद्वंद्विता पनपने की उम्मीद है। डिब्रूगढ़ वारियर्स और गुवाहाटी रॉयल्स 10 व 18 अगस्त को आमने-सामने होंगे, जबकि चराईदेव सनराइजर्स और गुवाहाटी रॉयल्स के बीच 11 व 19 अगस्त को मैच खेला जाएगा। इसके अतिरिक्त तेजपुर टाइटंस और गुवाहाटी रॉयल्स 8 व 15 अगस्त को, डिब्रूगढ़ वारियर्स और जोरहाट स्टालियंस 8 व 16 अगस्त को, बरपेटा ब्रेव्स और नगांव रेंजर्स 7 व 16 अगस्त को, तथा चराईदेव सनराइजर्स और नौगांव रेंजर्स 9 व 17 अगस्त को भिड़ेंगे। बरपेटा ब्रेव्स और बराक लीजेंड्स के बीच भी 9 और 17 अगस्त को दो मुकाबले आयोजित होंगे। लीग चरण का अंतिम दिन 20 अगस्त सेमीफाइनल के लिहाज से बेहद निर्णायक रहेगा, जब दोपहर 2 बजे तेजपुर टाइटंस का मुकाबला बराक लीजेंड्स से और शाम 7 बजे डिब्रूगढ़ वारियर्स का सामना नगांव रेंजर्स से होगा।
अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें 21 अगस्त को सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। इस दिन दोपहर 2 बजे दूसरे और तीसरे स्थान की टीम तथा शाम 7 बजे शीर्ष पर रहने वाली टीम और चौथे स्थान की टीम के बीच खिताबी दौड़ का मुकाबला होगा। 22 अगस्त को विश्राम के बाद 23 अगस्त को शाम 7 बजे खेले जाने वाले ग्रैंड फाइनल के साथ असम प्रीमियर लीग को उसका पहला विजेता मिल जाएगा।






