अफगानिस्तान, काबुल : पाकिस्तानी एयरफोर्स ने एक बार फिर अफगानिस्तान में एयर स्ट्राइक की है। पाकिस्तान की ओर से पूर्वी अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में सोमवार तड़के हवाई हमले किए गए। सुबह करीब साढ़े तीन बजे कम ऊंचाई पर उड़ रहे पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने कुनार के नुरगल जिले के पटंग इलाके में बमबारी की। फिलहाल यह साफ नहीं है कि हमलों से कितना नुकसान हुआ है या कितने लोग हताहत हुए हैं। इन हमलों ने पाक-अफगान बॉर्डर पर भी तनाव बढ़ा दिया है।
अफगान तालिबान और पाकिस्तानी सेना के बीच डूरंड लाइन पर भारी गोलीबारी होने की बात सामने आई है। गोलीबारी अफगानिस्तान के पक्तिया प्रांत के आर्यूब जाजी जिले और पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम जिले से सटे बॉर्डर पर हुई है। बताया गया है कि पाकिस्तान के हवाई हमलों के बाद तालिबान लड़ाकों ने सीमा पर पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाया है।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वां प्रांत के कोहाट में बीते हफ्ते शुक्रवार को एक कार बम हमला किया गया है। इस आत्मघाती हमले में 15 पुलिसकर्मियों समेत 21 लोगों की मौत हुई है। मस्जिद में हुए इस हमले ने एक बार फिर अफगानिस्तान और पाकिस्तान में तनातनी बढ़ी है। हमले के बाद पाकिस्तान की ओर से इस तरह के संकेत दिए गए थे कि अफगानिस्तान में टीटीपी को निशाना बनाया जा सकता है।
अफगान तालिबान ने भी बीते हफ्ते ही पाकिस्तान को चेतावनी दे दी थी कि अगर उसने अफगानिस्तान के अंदर सैन्य कार्रवाई की तो कड़ा जवाब दिया जाएगा। हाल ही में तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि अगर पाकिस्तान देश के अंदर हमले करता है तो अफगानिस्तान अपनी संप्रभुता की रक्षा करेगा। तालिबान लड़ाके पूरी मजबूती से हमले का जवाब देंगे।






