असम, गुवाहाटी : कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर के साथ कदम मिलाते हुए असम के शिक्षा विभाग ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को तकनीक से समृद्ध करने का लक्ष्य रखा है। शिक्षकों को एआई के उपयोग से परिचित कराने के लिए समग्र शिक्षा असम ने कई कदम उठाए हैं और इसी उद्देश्य से विभाग ने आईआईटी मद्रास समेत कई संस्थानों के साथ समझौता किया है। 23 नवंबर से असम के शिक्षकों के लिए एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होने जा रहा है, जिसका प्रमुख उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में बोधन एआई एप्लिकेशन के उपयोग को प्रभावी बनाना है।
आईआईटी मद्रास के सहयोग से होने वाले इस कार्यक्रम के तहत राज्य के कुल 20 हजार शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। पहले चरण में 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक 10 हजार शिक्षकों को प्रशिक्षण मिलेगा, जिसे शिक्षक अपनी सुविधा के अनुसार दीक्षा पोर्टल के माध्यम से कर सकेंगे। वहीं प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा चरण 1 दिसंबर से आयोजित किया जाएगा। यह पूरी प्रशिक्षण प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, जिसमें प्रतिदिन सुबह और शाम दो सत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा और प्रत्येक सत्र की अवधि 210 मिनट होगी।
इस प्रशिक्षण के जरिए शिक्षकों में पाठ योजना तैयार करने, शिक्षण सामग्री बनाने, मूल्यांकन का प्रारूप तैयार करने और मूल्यांकन प्रक्रिया में एआई के इस्तेमाल की दक्षता बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस बीच, समग्र शिक्षा असम ने प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए शिक्षकों का पंजीकरण अनिवार्य कर दिया है और शिक्षकों को 22 नवंबर तक ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण पूरा करना होगा।






