मेघालय, शिलांग : मेघालय में आगामी 23 नवंबर से मतदान केंद्रों की राज्यव्यापी समीक्षा शुरू होने जा रही है। भारत निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर सामान्यतः 1,200 से अधिक मतदाता नहीं होने चाहिए और किसी भी मतदाता को वोट डालने के लिए दो किलोमीटर से अधिक की दूरी तय न करनी पड़े।
वर्ष 2027 की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के अंतर्गत किए जा रहे इस अभ्यास में मौजूदा मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही वहां की सुगमता का आकलन कर उन क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, जहां नए मतदान केंद्र स्थापित करने या पुराने केंद्रों को पुनर्व्यवस्थित करने की आवश्यकता है। आयोग ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि मतदाताओं को अपने निर्धारित केंद्र तक पहुंचने के लिए सामान्यतः किसी प्राकृतिक बाधा को पार न करना पड़े, ताकि दूरदराज और दुर्गम इलाकों के नागरिकों के लिए मतदान की प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक बन सके।
इस समीक्षा अभियान के समानांतर राज्य में मतदाता सूची का एसएसआर भी संचालित होगा, जिसके लिए 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है। एकीकृत मसौदा मतदाता सूची 1 दिसंबर को जारी की जाएगी और इसके बाद दावे व आपत्तियां दर्ज कराने के लिए पूरे एक महीने का समय मिलेगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 20 जनवरी 2027 को किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) मौजूदा सूची का पुराने रिकॉर्ड से मिलान करेंगे और घर-घर जाकर सत्यापन के माध्यम से उन पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने में सहायता करेंगे, जिनके नाम वर्तमान सूची से छूट गए हैं।
प्रशासन की ओर से 5 और 11 दिसंबर को विशेष नामांकन अभियान भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और प्रवासी श्रमिकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। 1 जनवरी 2027 या उससे पूर्व 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक नामांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं, वहीं 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष के होने वाले युवाओं को भी अग्रिम आवेदन जमा करने की सुविधा दी गई है।
इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारियों ने संपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता और बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ स्तर के एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का आग्रह किया है।





