असम, गुवाहाटी : मौसम विज्ञान केंद्र ने एक नई चेतावनी जारी करते हुए राज्य में फिर से भीषण बाढ़ आने की आशंका जताई है। जारी की गई ताज़ा सूचना के अनुसार आज 30 जुलाई से 1 अगस्त तक पूरे असम के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट सियांग, लोहित, नामसाई, लोंगडिंग, पापुम पारे, लोअर सुबनसिरी तथा लोअर दिबांग घाटी में भारी बारिश और तूफ़ान आने की संभावना है।
इस ख़राब मौसम का सबसे ज़्यादा असर असम के तिनसुकिया, धेमाजी और लखीमपुर जिलों पर पड़ सकता है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने तिनसुकिया जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा नगालैंड के मोन, मोकोकचुंग और वोखा जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसका असर असम के पड़ोसी जिलों चराईदेव, शिवसागर, जोरहाट और गोलाघाट पर पड़ सकता है।
चेतावनी में कहा गया है कि ईस्ट सियांग, लोहित, नामसाई, लोंगडिंग, लोअर सुबनसिरी और लोअर दिबांग घाटी के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है। पापुम पारे जिले में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है, जो असम के कई जिलों को सीधे तौर पर प्रभावित करेगी।
इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने संबंधित जिलों के सभी नागरिकों से सतर्क और सजग रहने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि बिना किसी आवश्यक कारण के घरों से बाहर न निकलें। साथ ही, निचले और पहाड़ी ढलान वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बाढ़ या भूस्खलन के खतरे से बचने के लिए तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है। मौसम संबंधी सटीक जानकारी और पल-पल के अपडेट के लिए नागरिक आधिकारिक वेबसाइट
asdma.assam.gov.in/resource/assam-weather-forecast और सोशल मीडिया चैनलों से जुड़े रह सकते हैं।





