असम, गुवाहाटी : असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी बेहद गंभीर बनी हुई है और कुल मौतों का आंकड़ा बढ़कर 98 तक पहुंच गया। हालांकि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार बाढ़ के पानी का फैलाव अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। मौतों का नया मामला चराईदेव जिले के महमरा राजस्व मंडल से सामने आया है।
आपदा प्रबंधन बुलेटिन के अनुसार प्रभावित जिलों की संख्या घटकर 13 और प्रभावित लोगों की संख्या कम होकर करीब 1.55 लाख रह गई है। इस समय गोलाघाट, शिवसागर, जोरहाट, नगांव, होजाई, शोणितपुर, धेमाजी, दरंग, विश्वनाथ, कामरूप (मेट्रो), लखीमपुर, उदलगुड़ी और चराईदेव जिले इस आपदा से प्रभावित हैं, जहां 33 राजस्व मंडलों के अंतर्गत आने वाले 464 गांव पानी में डूबे हुए हैं। इनमें सबसे बुरा असर गोलाघाट जिले पर पड़ा है, जहां करीब 58,750 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि शिवसागर में 48,286 और जोरहाट में 25,259 लोग बाढ़ का सामना कर रहे हैं।
प्रशासन विस्थापितों की मदद के लिए 55 राहत शिविर चला रहा है, जिनमें 10 हजार से अधिक लोगों ने शरण ली हुई है। इसके अलावा 18 राहत सामग्री वितरण केंद्र भी लगातार काम कर रहे हैं। नदियों की बात करें तो गोलाघाट शहर और नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी और श्रीभूमि जिले में कुशियारा नदी अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इस बाढ़ के कारण राज्य में 10,700 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि जलमग्न हो चुकी है, 47 हजार से अधिक पशु प्रभावित हुए हैं और सड़कों, पुलों तथा घरों जैसे बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।






