मिजोरम, लुंगलेई : मिजोरम के लुंगलेई जिले में दो दिनों से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव एक सरकारी मिडल स्कूल में मिलने के बाद मिजोरम पुलिस ने हत्या की आशंका के तहत जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) एच रामथलेंगलियाना के अनुसार मुआलथुआम नॉर्थ निवासी यह नाबालिग लड़की 3 अगस्त की रात करीब 8.30 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। ग्रामीणों द्वारा लगातार की गई खोजबीन के बाद 5 अगस्त की सुबह गांव के ही एक सरकारी मिडल स्कूल परिसर से उसका शव बरामद हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लुंगलेई पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं 103 (1) (हत्या) और 140 (1) (अपहरण) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। शव मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और पंचनामे के बाद शव का पोस्टमार्टम लुंगलेई सिविल अस्पताल में करवाया। मामले की तह तक पहुंचने के लिए लुंगलेई के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी आर लालथनकिमा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर उसे गांव में तैनात कर दिया गया है।
फिलहाल इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द हिरासत में लेने के प्रयासों में जुटी है। राज्य पुलिस ने जनता से जांच में सहयोग करने और बिना पुष्टि के अफवाहें न फैलाने की अपील की है, साथ ही जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति को अधिकारियों के संपर्क में आने को कहा है।
इधर मुख्यमंत्री लालदुहोमा और शिक्षा मंत्री वनलाल्थलाना ने इस वारदात की कड़े शब्दों में निंदा की है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।






