मणिपुर, काकचिंग : मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों के तहत प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े तीन सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार काकचिंग जिले के वाइखोंग पुलिस स्टेशन क्षेत्र से स्टेट रिवोल्यूशनरी ऑर्गनाइजेशन ऑफ पीपुल्स आर्मी (सोरेपा) के दो सक्रिय सदस्यों को पकड़ा गया। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान मयंगलंबम निमाईचंद उर्फ पांगनबा मैतेई (25 वर्ष) और मयंगलंबम खोइराबा उर्फ अचौबा मैतेई (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो काकचिंग खुनौ उमाथेल अवांग लेकाई के ही निवासी हैं।
उसी दिन चलाए गए एक अन्य अभियान में पुलिस ने इंफाल ईस्ट जिले के पोरोम्पैट पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले चेकॉन इलाके (अयंग पल्ली रोड) से जबरन वसूली में लिप्त सोरेपा के एक और संदिग्ध कैडर को दबोचा। आरोपी की पहचान 52 वर्षीय मोहम्मद मजहर अली के रूप में हुई है, जो इंफाल ईस्ट के खेरगाओ मखा लेकाई का रहने वाला है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक एक्टिवा स्कूटर भी जब्त की है।
इसके साथ ही थौबल जिले के खोंगजोम पुलिस स्टेशन के तहत सपम इलाके में चलाए गए एक अन्य अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली, जहां पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेईपाक-प्रोग्रेसिव (प्रीपैक-प्रो) के एक स्वयंभू प्राइवेट कैडर को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए उग्रवादी की पहचान सपम ममंग लेकाई निवासी शागोलसेम डेविड सिंह के रूप में हुई है।






