असम, गुवाहाटी : सोलहवीं असम विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीख की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। असम विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आगामी 14 दिसंबर सुबह 9.30 बजे से दिसपुर स्थित विधानसभा परिसर के सभाकक्ष में सत्र की कार्यवाही शुरू होगी।
असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174 (1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह सत्र आहूत किया है। राज्यपाल द्वारा 7 नवंबर को इस संबंध में निर्देश जारी किया गया था, जिसे विधानसभा सचिवालय ने 10 नवंबर को औपचारिक अधिसूचना के माध्यम से सार्वजनिक किया। यह सोलहवीं असम विधानसभा का तीसरा सत्र होगा।
आगामी शीतकालीन सत्र के दौरान राज्य के कई महत्वपूर्ण मुद्दों के सदन के पटल पर उठने की प्रबल संभावना है। माना जा रहा है कि राज्य के विकास कार्यों, प्रशासनिक निर्णयों, जनहित से जुड़े विषयों और सरकार की विभिन्न नीतियों व कार्यक्रमों को लेकर सदन के भीतर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी और महत्वपूर्ण चर्चा देखने को मिलेगी। इसके अतिरिक्त सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2026–27 का अनुपूरक बजट और कई अहम विधेयक भी पेश किए जाने की उम्मीद है।
हालांकि सचिवालय की ओर से जारी इस अधिसूचना में फिलहाल सत्र की विस्तृत कार्यसूची और यह कितने दिनों तक चलेगा, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। इसके बारे में निर्णय कार्य मंत्रणा समिति (बीएससी) की बैठक में ली जाएगी।





