असम, गुवाहाटी : असम के क्रिकेटरों के सपनों को नई उड़ान देने के उद्देश्य से असम क्रिकेट संघ (एसीए) के तत्वावधान में आमार असम, आमार गौरव मूलमंत्र के साथ आयोजित इम्पीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग (एपीएल)-2026) की शुरुआत आज से गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में हो रही है। उद्घाटन दिवस पर दो मैच खेले जाएंगे, जिसमें दोपहर दो बजे चराईदेव सनराइजर्स का मुकाबला बरपेटा ब्रेव्स से होगा, जबकि शाम सात बजे तेजपुर टाइटंस और डिब्रूगढ़ वारियर्स आमने-सामने होंगे। हालांकि राज्य में आई भीषण बाढ़ और उसमें जान गंवाने वाले लोगों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए संघ ने उद्घाटन समारोह के लिए प्रस्तावित सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बीहू नृत्य-संगीत की प्रस्तुतियों को रद्द करने का निर्णय लिया है। आज यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि असम के प्रतिभावान खिलाड़ियों का घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद आईपीएल जैसी बड़ी लीगों में चयन न हो पाना एक बड़ी चुनौती रहा है। अन्य राज्यों में प्रांतीय टी-20 लीग के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच मिलता है, जिसे ध्यान में रखते हुए भारी मेहनत और दूरगामी सोच के साथ एपीएल का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लीग के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स-1 और जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा, जिससे राज्य के खिलाड़ियों और अंपायरों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का अनुभव और पहचान हासिल होगी। बाढ़ के माहौल में आयोजन को लेकर हो रही आलोचनाओं का उत्तर देते हुए सैकिया ने कहा कि बीसीसीआई और स्टार स्पोर्ट्स का कार्यक्रम एक वर्ष पूर्व ही तय हो जाता है, जिसे टालना तकनीकी रूप से संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि एसीए संकट की हर घड़ी में राज्यवासियों के साथ खड़ा रहा है और एपीएल की टीमें तथा आयोजक व्यक्तिगत रूप से भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुँचा रहे हैं। इस पत्रकार सम्मेलन में एसीए के सचिव सनातन दास, कोषाध्यक्ष अनुपम डेका, एपीएल अध्यक्ष राजदीप ओझा और एपेक्स कमेटी के मुकुतानंद भट्टाचार्य भी उपस्थित रहे।
पेट्रोल-डीजल के बाद अब रसोई गैस की कीमतों में कटौती
नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और ईंधन की कीमतों में आई नरमी के बाद आम जनता को...
Read more





