त्रिपुरा, अगरतला : त्रिपुरा में आगामी ग्राम पंचायत चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई 18 अगस्त से पूरे प्रदेश में बूथ सत्यापन अभियान शुरू करने जा रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अभिषेक देवराय ने एक अधिसूचना जारी कर सभी जिलाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में यह प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से शुरू करने का निर्देश दिया है।
इस अभियान के तहत राज्यभर में कमजोर और निष्क्रिय बूथों को चिन्हित कर वहां नए और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया है कि बूथ स्तर पर तैनात किए जाने वाले कार्यकर्ता किसी अन्य संगठनात्मक या प्रशासनिक पद पर नहीं रहेंगे, ताकि वे पूरी तरह से बूथ प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
पूरे राज्य में इस अभियान के सुचारू संचालन के लिए 5 सदस्यीय राज्य बूथ सत्यापन टीम बनाई गई है, जिसका संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष तापस भट्टाचार्य को नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश सचिव नबदल बनिक, प्रदेश सचिव भूमिका नंदा रियांग, अभिजीत देब और पूर्व जिलाध्यक्ष देबब्रत भट्टाचार्य को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
जिला स्तर पर इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 3 सदस्यीय समितियां बनेंगी, जबकि मंडल स्तर पर भी जिला प्रभारी की देखरेख में 3 सदस्यीय सत्यापन टीम गठित की जाएगी। भाजपा ने इस पूरे राज्यव्यापी बूथ सत्यापन कार्य को पूरा करने के लिए 24 अगस्त तक की समयसीमा तय की है।





