तेलंगाना, हैदराबाद : तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार से हैदराबाद मेट्रो रेल फेज-2 के लिए फंड जारी करने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी को एक पत्र लिखकर आग्रह किया है कि भारतीय रेलवे वित्त निगम (आईआरएफसी) द्वारा मंजूर किए गए पैसे को बिना किसी देरी के जारी किया जाए और मेट्रो के दूसरे चरण को जल्द से जल्द मंजूरी दी जाए।फिलहाल हैदराबाद मेट्रो रेल फेज-2 को लेकर तेलंगाना की कांग्रेस सरकार और केंद्र की एनडीए सरकार के बीच गतिरोध चल रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार इस प्रोजेक्ट का प्रस्ताव केंद्र को भेज चुकी है, जिसमें 122.9 किलोमीटर कुल लंबाई के सात कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव है और इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 38,595 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी से कहा है कि वे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ एक बैठक तय करें, जिसमें वे सभी जरूरी समझौतों और दस्तावेजों के साथ शामिल होने के लिए तैयार हैं ताकि चर्चा के जरिए समस्या का समाधान निकाला जा सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि तेलंगाना सरकार या वहां के लोग कोई दान या विशेष एहसान नहीं मांग रहे हैं, बल्कि वे केवल उस कर्ज की मांग कर रहे हैं जिसे भारत सरकार की ही एक संस्था ने पूरी जांच-परख के बाद मंजूर किया है। इसके साथ ही उन्होंने जी किशन रेड्डी को तेलंगाना से केंद्रीय मंत्री होने के नाते उनकी जिम्मेदारी याद दिलाते हुए इस फंड को दिलाने में मदद करने की अपील की है।
क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए एनडीए की बाड़ेबंदी
झारखंड, रांची : झारखंड में 18 जून को दो राज्यसभा सीटों पर होने वाले आगामी चुनाव को लेकर एनडीए की...
Read more





