त्रिपुरा, गोमती : खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने त्रिपुरा के गोमती जिले में स्थित एक पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मैसर्स मातृ ड्रिंकिंग वॉटर नामक कंपनी के खिलाफ पानी में अवांछित पदार्थ मिलने की शिकायत के बाद की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के कई गंभीर उल्लंघन देखने को मिले, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता था।
जांच में पाया गया कि तैयार पानी की बोतलों को गैर-खाद्य सामग्री के साथ सीधे जमीन पर रखा जा रहा था, जिससे संक्रमण का खतरा बना हुआ था। इसके अलावा, प्रोसेसिंग और फिलिंग एरिया में बेहद गंदगी पाई गई, जहाँ दीवारें क्षतिग्रस्त थीं, पेंट उखड़ रहा था, जाले लगे थे और कीट नियंत्रण के भी कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे।
निरीक्षण के दौरान जंग लगे हुए केमिकल डोजिंग कंटेनर और जंग लगे हुए रिवर्स ऑस्मोसिस वॉटर स्टोरेज टैंक का इस्तेमाल होते पाया गया, जो पानी को जहरीला और असुरक्षित बना सकते हैं। साथ ही, सफाई, रखरखाव, पेस्ट कंट्रोल और कर्मचारियों के प्रशिक्षण से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी अधूरे पाए गए। इन सभी गंभीर कमियों को देखते हुए एफएसएसएआई ने तुरंत लाइसेंस रद्द कर दिया और स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद मुहैया कराने के लिए सख्त कदम आगे भी जारी रहेंगे।






