अरुणाचल प्रदेश, ईटानगर : अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण आज सेप्पा-ईटानगर मार्ग पर ज़ीरो ब्लॉक पॉइंट के पास एक भयानक भूस्खलन हुआ। इस दौरान पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा ढहकर मुख्य सड़क पर गिर गया, जिससे पूर्वी कामेंग जिले के मुख्यालय सेप्पा और राज्य की राजधानी ईटानगर को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग पूरी तरह से ठप हो गया है।
इस हादसे में मलबे के नीचे एक वाहन के पूरी तरह दबने की खबर है। हालांकि वाहन में कितने लोग सवार थे और इस घटना में कोई हताहत हुआ है या नहीं, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन की टीमें बचाव कार्य और सड़क से मलबा हटाने के अभियान में जुट गई हैं, ताकि जल्द से जल्द आवाजाही बहाल की जा सके। इसके साथ ही भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रभावित इलाके का निरीक्षण भी किया जा रहा है।
प्रशासन ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि जब तक इस रास्ते को सुरक्षित घोषित न कर दिया जाए, तब तक वे सेप्पा-ईटानगर मार्ग पर यात्रा करने से बचें और जारी की गई एडवाइजरी का पालन करें। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है, जिसको देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों में यात्रा न करने की चेतावनी दी गई है।






