त्रिपुरा, गोमती : त्रिपुरा के गोमती जिले की एक अदालत ने हेरोइन की तस्करी और जब्ती के मामले में पति-पत्नी को दोषी ठहराते हुए पांच-पांच साल के कठोर कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। उदयपुर के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत ने ककराबन थाना क्षेत्र के हाद्रा गोलमुरा निवासी शाहिद मिया और उसकी पत्नी परबीन बीबी को स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 21(बी) और 25 के तहत दोषी पाया। अदालत ने धारा 21(बी) के तहत दोनों को पांच साल की जेल व 20,000 रुपये जुर्माना और धारा 25 के तहत पांच साल की जेल व 10,000 रुपये जुर्माने का फैसला सुनाया। जुर्माना न देने पर दोषियों को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा, हालांकि अदालत ने स्पष्ट किया कि दोनों मुख्य सजाएं एक साथ चलेंगी।
यह मामला 31 दिसंबर 2023 का है, जब ककराबन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शाहिद मिया के घर पर छापेमारी की थी। कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए ली गई तलाशी में पुलिस ने लगभग 8 ग्राम हेरोइन से भरी 434 शीशियां बरामद की थीं। मौके से गिरफ्तार परबीन बीबी ने जांच के दौरान स्वीकार किया था कि वह और उसका पति लंबे समय से अवैध हेरोइन बिक्री के कारोबार में शामिल थे। ककराबन थाने के उप-निरीक्षक अशित चंद्र दास द्वारा निष्पक्ष जांच के बाद अदालत में चार्जशीट पेश की गई थी, जिसके आधार पर गवाहों और सबूतों को सही मानते हुए अदालत ने दंपति को यह सख्त सजा सुनाई।






