पंजाब, अमृतसर : अमृतसर नगर सुधार ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष दिनेश बस्सी के बेटे वंश बस्सी और उसके साथी अमित बजाज के खिलाफ 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने प्रॉपर्टी के सौदे के तहत शिकायतकर्ता से 50 लाख रुपये लिए, लेकिन बाद में रकम वापस नहीं की।
पुलिस को दी शिकायत में कैनाल कॉलोनी निवासी कंवरदीप सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने वंश और अमित बजाज के साथ एक प्रॉपर्टी को लेकर एग्रीमेंट किया था। शिकायत के अनुसार इस सौदे के बदले उन्होंने दोनों को 50 लाख रुपये दिए थे। रकम लेने के बाद दोनों ने प्रॉपर्टी का इकरारनामा भी अपने नाम करवा लिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बावजूद न तो प्रॉपर्टी संबंधी सौदा पूरा किया गया और न ही उसके 50 लाख रुपये वापस किए गए। लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिलने के बाद कंवरदीप सिंह ने पुलिस को शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने वंश और अमित बजाज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब प्रॉपर्टी से संबंधित दस्तावेजों, एग्रीमेंट, इकरारनामे और 50 लाख रुपये के लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।






