नगालैंड, दीमापुर : नगालैंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जारी प्रारूप मतदाता सूची में करीब 1.59 लाख नाम हटा दिए गए हैं। इससे राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 13.57 लाख से घटकर लगभग 11.99 लाख रह गई है। 16 अगस्त से 14 सितंबर के बीच पूरे राज्य में चले गणना अभियान के बाद इस प्रारूप सूची को 20 सितंबर को जारी किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के मुताबिक इस पुनरीक्षण में 29,944 मृत मतदाता पाए गए, जबकि 1.23 लाख लोग अनुपस्थित या स्थायी रूप से स्थानांतरित दर्ज किए गए। वहीं 5,059 मतदाता ऐसे मिले, जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत थे। अनुपस्थित और स्थानांतरित श्रेणी में वे लोग भी शामिल हैं जो अन्य राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में नामांकित हो चुके हैं, जिन्हें अभियान के दौरान ढूंढा नहीं जा सका, जिन्होंने 14 सितंबर तक अपने फॉर्म जमा नहीं किए या जो पंजीकरण के इच्छुक नहीं थे।
जिन मतदाताओं के नाम इस प्रारूप सूची से छूट गए हैं, वे 20 अक्टूबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इन दावों व आपत्तियों की जांच और निस्तारण का काम 18 नवंबर तक पूरा किया जाएगा, जिसके बाद 22 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।






