नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में आज असम के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं समाज सुधारक डॉ. दिव्यज्योति सैकिया को प्रतिष्ठित ‘डुगरा द सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें डुगरा राजवंश के सदस्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व राज्यपाल डॉ. करण सिंह द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन मुख्य रूप से वैश्विक मानव अधिकार न्यास अंतर्राष्ट्रीय शाखा द्वारा किया जा रहा है।
मालूम हो कि मानवता, ज्ञान और सामाजिक न्याय के एक समर्पित संवाहक डॉ. दिव्यज्योति सैकिया दो दशकों से अधिक समय से समाज के अंतिम व्यक्ति के सशक्तिकरण के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने अंधविश्वास, डायन-प्रथा, नशाखोरी और भेदभाव के खिलाफ धरातल पर कड़ा संघर्ष किया है। शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक आपदा राहत और ऑर्गेनिक खेती के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव प्रस्तुत किया है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. करण सिंह भारत के वरिष्ठ राजनेता, प्रख्यात विद्वान, दार्शनिक और लेखक हैं, वे जम्मू-कश्मीर रियासत के अंतिम शासक महाराजा हरि सिंह के पुत्र हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की, जहां उनके शोध का विषय श्री अरविंदो का राजनीतिक चिंतन था।
वर्ष 1967 में वे इंदिरा गांधी के मंत्रिमंडल में सबसे कम उम्र के केंद्रीय कैबिनेट मंत्री बने, जहां उन्होंने पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन, स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन तथा शिक्षा व संस्कृति जैसे प्रमुख मंत्रालयों का दायित्व संभाला। वे संसद के दोनों सदनों के सदस्य रहने के साथ-साथ अमेरिका में भारत के राजदूत भी रहे।





