असम, गुवाहाटी : भारी बारिश के कारण असम में बाढ़ की पहली लहर ने तबाही मचाना शुरू कर दिया है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार असम और पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से छह जिलों के 22,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस बाढ़ से धेमाजी, नलबाड़ी, डिब्रूगढ़, चिरांग, लखीमपुर और कोकराझार जिलों के कुल 22,124 लोग संकट में हैं। इनमें से धेमाजी जिला सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जहां 15,483 लोग बढ़ते जलस्तर और जलभराव के बीच रहने को मजबूर हैं।इस बाढ़ ने रिहायशी इलाकों और खेती-किसानी को भारी नुकसान पहुंचाया है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार बाढ़ का पानी 96 गांवों में घुस चुका है और इससे प्रभावित जिलों की लगभग 1,690 हेक्टेयर फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई है। लगातार हो रही बारिश से राज्य की प्रमुख नदियां और उनकी सहायक नदियां उफान पर हैं। ताजा बुलेटिन के मुताबिक शिवसागर जिले में दिसांग नदी नांगलामुराघाट पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और ज्यादा बढ़ गया है। इंसानों के साथ-साथ पशुधन भी इस आपदा की चपेट में हैं और अब तक 48,199 जानवर इस बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं। बाढ़ के कारण बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुँचा है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। धेमाजी जिले में भारी बारिश और मिट्टी के कटाव के कारण सिमेन नदी पर बना एक रेलवे पुल आंशिक रूप से ढह गया है, जिससे क्षेत्र में रेल संपर्क टूट गया है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जारी बयान के अनुसार धेमाजी और उसके आसपास 110 मिलीमीटर से अधिक हुई अत्यधिक बारिश के कारण नदी के किनारों का भारी कटाव हुआ, जिससे यह हादसा हुआ। एहतियात के तौर पर आर्चीपाथर और सिमेन चपारी स्टेशनों के बीच ट्रेनों की आवाजाही को रोक दिया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि साल 1965 में बने और बाद में ब्रॉड गेज में बदले गए इस पुल का ढांचा बिल्कुल सुरक्षित था, लेकिन अचानक आई तेज बाढ़ से नदी का किनारा बह गया और पुल का एक पिलर डगमगा गया। असम और आसपास के इलाकों में लगातार जारी बारिश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने असम के मुख्यमंत्री से की बात बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा
नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा से फोन पर...
Read more






